
देहरादून: उत्तराखंड में सोमवार को भी मौसम का मिजाज खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने राजधानी देहरादून और टिहरी जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। दोनों जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून और टिहरी के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने की आशंका भी बनी हुई है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है।
कैंपटी फॉल में नहाते समय तालाब में गिरा पर्यटक
मसूरी के कैंपटी फॉल में रविवार दोपहर नहाते समय पानीपत निवासी 32 वर्षीय अजय गौतम अचानक तालाब में गिर गया। वह अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने के लिए कैंपटी फॉल आया था।
घटना की सूचना मिलते ही कैंपटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पर्यटक को तालाब से बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद उसे थाना परिसर के 112 वाहन से मसूरी प्राथमिक चिकित्सालय भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने अजय गौतम का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ, लेकिन बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कैंपटी थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि रविवार 16 अगस्त को कैंपटी फॉल में पर्यटक के तालाब में गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।




