
सुल्तानपुर लोधी: गांव सरदुल्लापुर में रविवार देर रात काले रंग की गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने 25 वर्षीय युवक सुखदीप सिंह पर फायरिंग कर दी। हमले में गोली उसके चेहरे के बाईं ओर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों के अनुसार, हमलावर काले रंग की गाड़ी में सवार होकर पहुंचे थे और उन्होंने सुखदीप सिंह को निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली चेहरे पर लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन और आसपास के लोग उसे तत्काल सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी लेकर पहुंचे।
युवक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिविल अस्पताल कपूरथला रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर कौन थे और वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या कारण था।
सुखदीप सिंह के भाई ने बताया कि इससे पहले भी उसके भाई पर हमला करने की कोशिश की जा चुकी है। ऐसे में पुलिस पुराने विवाद और रंजिश समेत मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
थाना कबीरपुर के एसएचओ एसआई मलकीत सिंह ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले को ट्रेस कर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।







