
पिथौरागढ़। प्रदेश के हाईस्कूल, इंटर काॅलेज प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों की कमी से जूझ रहे हैं। 13 जिलों के 1385 इंटर काॅलेजों में से 205 में ही स्थायी प्रधानाचार्य हैं जबकि 1180 प्रधानाचार्य विहीन हैं। यही हालात प्रदेश के हाईस्कूलों के भी हैं। 910 हाईस्कूलों में से 79 में ही प्रधानाध्यापक तैनात हैं। 831 विद्यालयों में प्रधानाध्यापक नहीं हैं। इसके चलते प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
स्वतंत्रता संग्राम उत्तराधिकारी संगठन पिथौरागढ़ के मंत्री पंकज भट्ट ने आरटीआई के तहत प्रदेश के राजकीय इंटर काॅलेजों और राजकीय हाईस्कूलों में प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों के रिक्त पदों की जानकारी मांगी थी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के लोक सूचना अधिकारी आरआर सोलियाल की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार राज्य में 910 हाईस्कूलों में 823 सामान्य जबकि 87 बालिका राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हैं।
कुमाऊं मंडल के चंपावत और अल्मोड़ा ऐसे जिले हैं जहां किसी भी हाईस्कूल में स्थायी प्रधानाध्यापक नहीं है। पिथौरागढ़ जिले में केवल एक ही हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक नियुक्त हैं। शेष विद्यालय प्रभारियों के भरोसे चल रहे हैं। राज्य के अधिकतर विद्यालय पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों को ही प्रभारी प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक का दायित्व सौंपे जाने से पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है।
राजकीय इंका में कार्यरत प्रधानाचार्यों का विवरण
जनपद स्वीकृत पद कार्यरत रिक्त
चमोली 127 09 118
देहरादून 96 53 43
पौड़ी 186 17 169
रुद्रप्रयाग 80 06 74
उत्तरकाशी 75 02 73
टिहरी 192 20 172
हरिद्वार 34 20 14
पिथौरागढ़ 128 05 123
बागेश्वर 61 02 59
चंपावत 62 05 57
यूएसनगर 58 26 32
अल्मोड़ा 166 03 163
नैनीताल 120 37 83
कुल 1385 205 1180
राजकीय हाईस्कूलों में कार्यरत प्रधानाध्यापकों का विवरण
जनपद स्वीकृत कार्यरत रिक्त
देहरादून 71 20 51
रुद्रप्रयाग 28 01 27
चमोली 73 01 72
पौड़ी गढ़वाल 116 07 109
टिहरी गढ़वाल 108 10 98
उत्तरकाशी 52 06 46
हरिद्वार 68 11 57
यूएस नगर 66 09 57
चंपावत 43 00 43
बागेश्वर 32 03 29
नैनीताल 69 10 59
अल्मोड़ा 97 00 97
पिथौरागढ़ 87 01 86
योग 910 79 831