
गौतमबुद्ध नगर (जेवर): उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर में देश के सबसे महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आज भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस एयरपोर्ट के पहले चरण को क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह एयरपोर्ट केवल हवाई यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया गया है, जहां सड़क, रेल, मेट्रो और अन्य परिवहन सेवाओं का एकीकृत नेटवर्क उपलब्ध होगा।
एयरपोर्ट में अत्याधुनिक कार्गो सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। शुरुआती चरण में यहां प्रतिवर्ष लगभग 2.5 लाख मीट्रिक टन माल ढुलाई की क्षमता होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर करीब 18 लाख मीट्रिक टन तक किया जा सकेगा। इससे व्यापार और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
यात्री सुविधाओं की बात करें तो पहले चरण में एयरपोर्ट की क्षमता लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों प्रतिवर्ष रखी गई है, जिसे आगे चलकर 7 करोड़ यात्रियों तक विस्तारित किया जा सकता है। यह उत्तर भारत के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल होने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री उद्घाटन के बाद एयरपोर्ट टर्मिनल का निरीक्षण भी कर सकते हैं और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और वैश्विक कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। जेवर एयरपोर्ट के संचालन से दिल्ली-एनसीआर के बढ़ते हवाई यातायात का दबाव भी कम होने की संभावना है।







