
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। Badrinath Temple, Gangotri Temple और Yamunotri Temple समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से ठंड में इजाफा हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है। खासकर हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे एक बार फिर ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।
देहरादून में भी आसमान बादलों से घिरा रहा और कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।




