
औरैया जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहारी गांव में शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक और संदिग्ध घटना सामने आई, जिसमें चारपाई पर लेटे एक बुजुर्ग की जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बलदू बाल्मीकि (70) पुत्र गेंदन के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात खाना खाने के बाद बुजुर्ग दंपती घर में अलग-अलग चारपाइयों पर सो रहे थे। रात करीब बारह बजे अचानक मृतक की पत्नी की नींद खुली तो उसने अपने पति की चारपाई में आग लगी देखी। महिला ने शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा। घबराई महिला पास में रहने वाले एक युवक को बुलाने गई, लेकिन जब तक वह वापस लौटी, तब तक बुजुर्ग पूरी तरह झुलस चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रात में सीओ अजीतमल मनोज गंगवार, कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी सहित फफूंद और अयाना थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पत्नी ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुरानी रंजिश के चलते उसी ने उनके पति को जिंदा जलाकर मार डाला। बताया गया है कि मृतक के परिवार और आरोपी पड़ोसी के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। पत्नी के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे किसी की साजिश है। पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।






