
लुधियाना में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता को बदनाम करने की कथित साजिश का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी हेल्थ कार्ड योजना की आड़ में अवैध वसूली का आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में थाना मोती नगर की पुलिस ने कांग्रेसी पार्षद समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, जमालपुर कॉलोनी निवासी और वार्ड नंबर 26 के आप पार्टी इंचार्ज इंद्रदीप सिंह मिंकू की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में मिंकू ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के लिए हेल्थ कार्ड योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत विभिन्न वार्डों में कार्ड बनाने के लिए मशीनें लगाई गई हैं।
इसी बीच भामियां रोड निवासी साहिब राजपूत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने मिंकू पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में साहिब ने दावा किया कि मिंकू ने उसे निर्देश दिए थे कि हेल्थ कार्ड से संबंधित पर्चियां काटकर लोगों से पैसे वसूले जाएं और उस कमाई का 90 प्रतिशत हिस्सा उन्हें दिया जाए।
मिंकू ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि साहिब राजपूत से उनकी इस तरह की कोई बातचीत कभी नहीं हुई। उनका कहना है कि यह सब उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए रची गई एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस साजिश में वार्ड 26 के कांग्रेसी पार्षद गौरव भट्टी भी शामिल हैं, जिन्होंने बिना किसी सबूत या गवाह के उक्त वीडियो को बार-बार सोशल मीडिया पर साझा किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांग्रेसी पार्षद गौरव भट्टी और साहिब राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इसे विपक्ष की साजिश बताया है, वहीं पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।






