
देहरादून। देहरादून के सुभाष नगर इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खुले प्लाट में रखे टेंट व शामियाने के सामान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें आसपास स्थित रिहायशी मकानों तक पहुंचने लगीं। धुएं और आग की भयावहता को देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह प्लाट नरेन्द्र टेंट हाउस का है, जहां फोल्डिंग टेबल, टेंट, बर्तन, भट्टियां, मैट, रजाई-गद्दे सहित अन्य सामग्री रखी गई थी। आग लगते ही कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग की गंभीरता को देखते हुए मोर्चा संभाला और करीब तीस हजार लीटर पानी की मदद से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका।
आग की लपटें घरों के काफी करीब तक पहुंच जाने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही, लेकिन समय रहते दमकल विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि टेंट के सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।
वहीं, इसी दिन बड़ोवाला क्षेत्र के गोरखपुर चौक के पास रजाई-गद्दे की एक दुकान में भी आग लगने की घटना सामने आई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर दुकान का शटर तोड़ते हुए आग को बुझाया और बड़ा नुकसान होने से बचाया। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।





