
देहरादून। राजधानी देहरादून के बालावाला क्षेत्र में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंग पड़ोसियों ने दो बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और उनके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें उपचार के दौरान तीन टांके लगाने पड़े। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विक्रम सिंह बिष्ट (71 वर्ष) और प्रकाश चंद्र बमोला (61 वर्ष) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी पृथ्वी सिंह बिष्ट और प्रमोद सिंह बिष्ट जबरन उनकी बाउंड्री तोड़कर 10 फीट चौड़े रास्ते को 15 फीट चौड़ा करने का दबाव बना रहे थे। पीड़ितों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
घर में घुसकर किया हमला
आरोप है कि 24 दिसंबर की सुबह दोनों आरोपी लाठी-डंडों के साथ पीड़ितों के घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान प्रकाश चंद्र बमोला की पत्नी कुसुम बमोला की उंगली में गंभीर चोट आई, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में तीन टांके लगाने पड़े।
जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ-साथ लाइसेंसी पिस्टल होने और ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिवार दहशत में है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले को लेकर थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




