
राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और इसकी कीमत एक 50 वर्षीय व्यक्ति को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। लालबाग इलाके में हुई इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नाबालिगों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति समाज के लिए कितना बड़ा खतरा बनती जा रही है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिहारी लाल के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे और अपने परिवार के साथ ए-ब्लॉक, लालबाग में रहते थे। बृहस्पतिवार रात दो युवक उनके घर के बाहर खड़े होकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। शोर-शराबे से परेशान होकर बिहारी लाल ने दोनों को वहां से जाने और गाली-गलौज बंद करने को कहा।
इस पर दोनों युवक उग्र हो गए और बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने बिहारी लाल को धक्का दिया और नाबालिग आरोपी ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिहारी लाल को परिजन तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए नाबालिग से पूछताछ जारी है और उसकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद में इस तरह की हिंसक घटना समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।




