
चंदौली जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुई एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में 25 वर्षीय युवक धर्मेंद्र की कार में फंसकर लगभग 10 किलोमीटर तक घसीटे जाने से दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था और सड़क पर जगह-जगह खून के निशान मिले।
पुलिस के मुताबिक, चकिया के गनेशपुर निवासी धर्मेंद्र गुरुवार सुबह अपने जीजा रामभरोस (40) और बहन लक्ष्मिना (38) के साथ स्कूटी से मकदूमशाह बाबा की मजार घूमने जा रहा था। स्कूटी जीजा चला रहे थे। जैसे ही वे भुईली खास गांव के पास पहुंचे, अदलहाट से शेरवां की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद स्कूटी सवार बालू के ढेर पर जा गिरे, जबकि कार भी बालू पर चढ़ गई। इसी दौरान धर्मेंद्र कार में फंस गया। कार चालक मौके से भागने लगा और युवक को घसीटते हुए आगे बढ़ गया। भागते समय कार ने वहां कंबल वितरण के लिए खड़े कई लोगों को भी टक्कर मार दी, जिसमें आठ लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक युवक को घसीटते हुए करीब 10 किलोमीटर दूर शेरवां की ओर ले गया। अंततः कार को चकिया थाना क्षेत्र के मझगवां खेत में छोड़ दिया गया। पीछा कर रही पुलिस मौके पर पहुंची तो एक आरोपी फरार हो गया, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शेरवां पुलिस चौकी के बाहर चक्काजाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। सूचना पर चकिया विधायक कैलाश आचार्य, एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा और सीओ चुनार मंजरी राव समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों के समझाने के बाद लगभग एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घायल स्कूटी सवार दंपती और अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
🚨 पुलिस का बयान
अदलहाट थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि कार जीशान नामक युवक चला रहा था। कार में उसके साथ सात साल का एक बच्चा भी था, जिसने कथित तौर पर स्टेयरिंग खींच दी, जिससे हादसा हुआ। पुलिस ने जीशान के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बताया गया कि यह कार सीआरपीएफ के जवान सौरभ (निवासी मोतीहारी, बिहार) की है, जो वर्तमान में श्रीनगर में तैनात हैं। कार को उन्होंने आजमगढ़ निवासी हेमंत सिंह को बेचा था, जिसने जीशान को कार दिखाने के लिए भेजा था।




