
मेरठ | डौरली निवासी निकिता और उसके पड़ोसी अशोक धर्मा के बीच कई साल पहले प्रेम संबंध बने थे। दोनों विवाहित थे और अपने-अपने परिवारों में तीन-तीन बच्चे थे। परिवारों ने जब इस रिश्ते का विरोध किया तो वर्ष 2012 में दोनों अपने-अपने परिवारों को छोड़कर भाग गए और पल्लवपुरम क्षेत्र की ग्रीन पार्क कॉलोनी में आकर रहने लगे।
करीब दस साल तक लिव-इन रिलेशन में रहने के दौरान निकिता ने दो बेटियों को जन्म दिया। 4 मई 2025 को निकिता की अचानक मौत हो गई थी। उस समय अशोक ने पुलिस को बताया था कि निकिता की मौत हृदयघात से हुई है। हालांकि, पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए पोस्टमार्टम के दौरान बिसरा सुरक्षित रख लिया था।
अब बिसरा रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि निकिता की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। इसके बाद निकिता की बड़ी बेटी सिमरन (जो उसके पहले पति की संतान है) ने अशोक धर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने शनिवार को आरोपी अशोक धर्मा को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।







