ऋषिकेश ( उत्तराखंड) श्यामपुर के एक होटल में चल रहे अवैध कसीनो पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें 10 महिला डांसरों और एक पार्षद सहित 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में आईडीपीएल चौकी इंचार्ज सहित 12 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही, शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ भी अभियान जारी है।

पुलिस के अनुसार मौके से करीब 20 हजार कॉइन, 60 हजार रुपये नकद, 6 बोतल शराब, 20 रुपये के नकली नोट और बड़ी तादाद में ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं. बताया गया कि कसीनो सिर्फ नकदी पर नहीं, बल्कि ऑनलाइन रुपये ट्रांजेक्शन के जरिए भी चल रहा था. पैसों का लेनदेन डिजिटल माध्यम से करके पकड़ से बचने की पूरी कोशिश की गई थी. नकली नोटों की बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
जानकारी के मुताबिक इनमें दिल्ली से आए लोग और एक-दो जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं. यही वजह है कि पुलिस इस मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए जांच में जुटी है. होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है.
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल खुद इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, कई और नाम और चेहरे सामने आ सकते हैं. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कसीनो के तार कहां-कहां तक जुड़े हैं और इसके पीछे कौन-कौन से बड़े चेहरे हैं।




