
देहरादून में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चंद्रबनी क्षेत्र के एक कैफे में कांग्रेस की युवा महिला नेता माही जेटली पर युवकों द्वारा किए गए हमले से शहर में हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब माही अपने जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ कैफे में समय बिता रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैफे में मौजूद कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। झगड़े के दौरान युवकों ने धारदार और भारी वस्तुओं का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। इसी अफरा-तफरी के बीच एक वार माही जेटली के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। घटना के बाद कैफे में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। घायल माही को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में आठ टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
माही जेटली के भाई मदन जोशी ने पटेलनगर थाने में दी गई तहरीर में आयुष राणा, सूरज राणा और हिमांशु पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। महिला नेताओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती हिंसा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कैफे और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




