
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग मामले में फंसी सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर आज विशेष जांच टीम (SIT) के समक्ष पेश होंगी। एसआईटी उनके द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए गए ऑडियो क्लिप और लगाए गए आरोपों की गहन जांच करेगी।
अचानक सामने आईं उर्मिला
कुछ दिन पहले तक अंकिता भंडारी के लिए न्याय की मांग कर रहीं उर्मिला सनावर अचानक लापता हो गई थीं। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। इस दौरान हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके घर पर नोटिस चस्पा कर उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था।
अब वह देहरादून पहुंच चुकी हैं और आज एसआईटी के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखेंगी।
भाजपा नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप
उर्मिला सनावर ने अंकिता हत्याकांड में भाजपा नेताओं की संलिप्तता का आरोप लगाया है। इसी क्रम में वह 29 दिसंबर को फेसबुक लाइव आई थीं, जिसके बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था।
निजी जीवन भी रहा चर्चा में
उर्मिला सनावर सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत गोविंद नगर की निवासी हैं। वह हरिद्वार जिले की ज्वालापुर विधानसभा से पूर्व विधायक सुरेश राठौर से विवाह के बाद भी सुर्खियों में रही हैं। उर्मिला कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं।
एफआईआर और राजनीतिक एंगल
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी की ओर से डालनवाला थाने में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने जानबूझकर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और ऑडियो वायरल कर उनकी छवि खराब करने और दंगे फैलाने की साजिश रची। इसमें कांग्रेस, यूकेडी और आम आदमी पार्टी को भी साजिश का सूत्रधार बताया गया है।
SIT करेगी तथ्यों की जांच
अब एसआईटी यह जांच करेगी कि वायरल ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता क्या है, इसे किस उद्देश्य से प्रसारित किया गया और इसमें लगाए गए आरोपों के पीछे ठोस साक्ष्य हैं या नहीं।




