
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण में अभिनेत्री उर्मिला सनावर की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस द्वारा बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद जांच में शामिल न होने पर अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को हरिद्वार पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला सनावर के आवास पर एक बार फिर नोटिस चस्पा किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली और झबरेड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमों के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। इससे पहले बहादराबाद थाने में दर्ज मामले में भी उसे नोटिस भेजा गया था, लेकिन वह अब तक किसी भी मामले में जांच में शामिल नहीं हुई है। लगातार तीन बार नोटिस जारी होने के बावजूद अनुपस्थित रहने को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
मामले की संवेदनशीलता और राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए राज्य स्तर की एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। एसटीएफ को भी उर्मिला सनावर की तलाश में लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि तय समय सीमा के भीतर वह थाने में उपस्थित नहीं होती है तो न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
यह पूरा विवाद उस समय गहराया, जब भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। ऑडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम उछाले जाने से प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया था।
इस प्रकरण के बाद शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से बहादराबाद थाने में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद से पुलिस ने जांच तेज करते हुए उर्मिला को नोटिस जारी किए, लेकिन अब तक वह पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुई है।
अब ज्वालापुर और झबरेड़ा थानों में दर्ज मामलों में भी नोटिस चस्पा किए जाने के बाद पुलिस का रुख और सख्त हो गया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि उर्मिला सनावर दो दिन के भीतर पुलिस के सामने पेश नहीं होती है, तो उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




