
त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की तलाश अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है। देहरादून पुलिस के साथ समन्वय में नेपाल पुलिस भी सक्रिय हो गई है और आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यज्ञ राज अवस्थी बीते करीब 15 दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा है। उसकी लोकेशन को लेकर लगातार इनपुट मिल रहे हैं, जिसके आधार पर दून पुलिस और नेपाल पुलिस के बीच समन्वय बना हुआ है। नेपाल में आरोपी के घर सहित कई संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई, हालांकि अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
यह मामला 9 दिसंबर को सेलाकुई में हुई हिंसक घटना से जुड़ा है, जिसमें एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान 26 दिसंबर को उसकी मौत हो गई। प्रारंभ में पुलिस ने 14 दिसंबर को छह आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन एंजेल की मृत्यु के बाद मामले को हत्या की धारा में परिवर्तित कर दिया गया।
इस केस में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी अब भी फरार है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में ही कहीं छिपा हुआ है। इसी आशंका के चलते बॉर्डर इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूरी ताकत झोंके हुए है। तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और अंतरराज्यीय सहयोग के जरिए उसे ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस को भरोसा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
एंजेल चकमा हत्याकांड ने प्रदेशभर में आक्रोश पैदा किया है और लोग आरोपी को सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस की सक्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि यह मामला जल्द ही अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच सकता है।




