
टिहरी। टिहरी जनपद के नरेंद्र नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब बकरी लेकर जा रहे एक युवक पर दो भालुओं ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए श्री देव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय नरेंद्र नगर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उपचार के बाद युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे नरेंद्र नगर थाना क्षेत्र की आगरा खाल चौकी अंतर्गत चलड गांव के कद्दू खाल निवासी विजेंद्र (25) पुत्र प्रेम सिंह बकरी लेकर आगरा खाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान जंगल के समीप रास्ते में अचानक दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से युवक घबरा गया, लेकिन हिम्मत और साहस का परिचय देते हुए उसने खुद को बचाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि मजबूत कद-काठी के कारण विजेंद्र ने पहले भालू की गर्दन पकड़कर उसे दबाया और पूरी ताकत से दूर फेंक दिया। हालांकि, इससे पहले कि वह संभल पाता, दूसरे भालू ने उस पर हमला कर दिया। दूसरे भालू के हमले से युवक के गले, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। दर्द और भय के बीच युवक चीखने-चिल्लाने लगा, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और उसके साथी मौके पर दौड़े।
ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने तक भालू जंगल की ओर भाग निकले। इसके बाद घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से श्री देव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय नरेंद्र नगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने बताया कि युवक को कई जगह गहरे घाव आए हैं, लेकिन समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई और उसकी स्थिति अब स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार नरेंद्र नगर अयोध्या प्रसाद उनियाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी और प्रभागीय वन अधिकारी नरेंद्र नगर दिगांथ नायक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों ने वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




