
वाराणसी। वाराणसी में दो किशोरों से यौन अपराध के आरोपी क्रिकेट कोच मुरालीलाल गोंड़ उर्फ गौतम को भेलूपुर पुलिस ने शनिवार को लंका क्षेत्र के सीरगोवर्धन से गिरफ्तार किया। पॉक्सो एक्ट के आरोपी मुरारीलाल को कोर्ट ने जेल भेज दिया। गिरफ्तार कोच जंसा थाना क्षेत्र के मीरावन और वर्तमान में लंका के सीरगोवर्धन का निवासी है। पॉक्सो के मामले में चार साल पहले भी वह जेल जा चुका है। पुलिस के सामने आरोपी ने कबूला कि पिछले पांच साल में वह 500 से ज्यादा बच्चों के साथ गलत हरकत कर चुका है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि क्रिकेट अभ्यास और अंडर-14 में चयन के बहाने किशोरों के साथ मुरारीलाल ने गलत हरकत की। पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर पॉक्सो मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी की टीम ने आरोपी मुरारीलाल को सीरगोवर्धन क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा कि वह पहले भी और बच्चों के साथ इस तरह का घिनौना कृत्य कर चुका है।
साल 2020 से अब तक लगभग 500 से ज्यादा बच्चों को निशाना बनाया। साल 2021 में बीएचयू केंद्रीय विद्यालय में बच्चों का एडमिशन कराने के बहाने अप्राकृतिक दुष्कर्म मामले में लंका पुलिस ने आरोपी को जेल भिजवाया था। एसीपी भेलूपुर ने बताया कि आरोपी के साथ परिवार का कोई साथ नहीं रहता है। उसकी गलत हरकतों के चलते पत्नी ने कोविड काल से पहले ही तलाक ले लिया था। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य आरोपों में लंका और भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज है।
भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी सिर्फ किशोरों को निशाना बनाता था। चूंकि किशोर किसी से कुछ कहते नहीं थे और तभी से इसका मन बढ़ा था। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद मीडिया के सामने पेश होने के दौरान आरोपी मुरारीलाल घुटने के बल गिर गया। पुलिस के सामने हाथ जोड़कर रोते हुए माफी मांगी। पुलिसकर्मियों से कहा कि अब जीने की इच्छा नहीं है। अपने किए पर पछतावा है।







