
हजारीबाग ( झारखंड) जिले के चूरचू के टोली गांव में बीती रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के हमले से एक परिवार के चार लोगों सहित छह लोगों की मौत हो गई. मरने वाले में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।
थाना प्रभारी के अनुसार बीती रात करीब दो बजे पांच हाथियों का झुंड गांव में घुस आया. सबसे पहले हाथियों ने धनेश्वर राम (60 वर्ष) को सूंड से उठाकर सूरज राम के आंगन में फेंक दिया. धनेश्वर को बचाने के लिए जब सूरज राम का परिवार बाहर निकला, तो हाथियों ने उन्हें कुचल दिया.
हाथियों के हमले में छह की चली गई जान
हाथियों के हमले से मरने वालो में सूरज राम (60 वर्ष), मधु देवी (22 वर्ष), मधु देवी का डेढ़ वर्ष का बेटा और करीब चार वर्ष की बेटी शामिल हैं. इसके अलावा सुमन देवी (20 वर्ष) और धनेश्वर राम (60 वर्ष) की भी मौत हो गई. चार साल की बच्ची ने इलाज के दौरान शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया. बताया जाता है कि सुमन देवी दो दिन पहले ही अपने ससुराल से मायके आई थी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम ने घटना का जायजा लिया। टीम ने तुरन्त राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल भेजा।
वन विभाग की ओर से मरने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजा देने की बात कही गई है. वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मुआवजे की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी. ग्रामीणों ने हाथियों के लगातार बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की भी मांग की है। पुलिस ने मृतकों का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







