
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने दीपावली से पहले अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। लंबे इंतजार के बाद राज्य सरकार ने 2.50 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता (DA) जारी करने और अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा कर दी है। वित्त विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, कर्मचारियों को 1 जुलाई से 31 अक्तूबर 2025 तक का डीए नकद भुगतान के रूप में मिलेगा। सरकार ने यह फैसला दीपावली से पहले कर्मचारियों को खुशखबरी देने के उद्देश्य से लिया है।
केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ाकर 55 से 58 प्रतिशत किया गया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने भी यह निर्णय लागू कर दिया है। इससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। वित्त विभाग के अपर सचिव डॉ. अहमद इकबाल ने बताया कि बोनस और डीए जारी करने की प्रक्रिया शासन स्तर पर पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि “सरकार चाहती है कि कर्मचारियों को त्योहार से पहले राहत मिले और उनकी क्रय शक्ति बढ़े।”
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दीपावली से पहले बोनस और डीए जारी करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने इस मांग को स्वीकार करते हुए कर्मचारियों को तोहफा दिया। कर्मचारियों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है। कई कर्मचारी संगठनों ने इसे “त्योहार से पहले बड़ा राहत पैकेज” बताया और कहा कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा। सरकार के इस निर्णय से न केवल राज्य कर्मियों बल्कि शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य और विकास से जुड़े विभागों के हजारों कार्मिकों को लाभ होगा। वित्त विशेषज्ञों के अनुसार, इससे राज्य के खजाने पर लगभग 400 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा, लेकिन त्योहार के मौसम में यह निर्णय उपभोग बढ़ाने और बाजार में रौनक लाने में मदद करेगा।




