
इंदौर | इंदौर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात रिश्तों को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां सैफी नगर झोपड़ पट्टी में 21 वर्षीय युवक की उसके ही मौसेरे भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दुर्गेश पंवार (21 वर्ष) निवासी खरगोन के रूप में हुई है। वह इंदौर में फर्नीचर का काम करता था और अपनी मां के साथ रहता था। शुक्रवार देर रात दुर्गेश अपने मौसेरे भाई रोहित के साथ सैफी नगर में बैठकर शराब पी रहा था। इस दौरान दुर्गेश ने अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की इच्छा जताई, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
कहासुनी के दौरान दुर्गेश ने रोहित को गाली दे दी। इससे नाराज होकर रोहित ने अपने तीन दोस्तों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में चारों ने मिलकर दुर्गेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दुर्गेश के पेट और सीने पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल दुर्गेश को एमवाय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी रोहित और उसके तीन दोस्तों को हिरासत में ले लिया गया।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी विवाद और शराब के नशे में हुई कहासुनी है। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। शनिवार को मृतक का पोस्टमार्टम एमवाय अस्पताल में कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार में मातम का माहौल है। मृतक के पिता का पहले ही देहांत हो चुका था और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच जारी है और आरोपियों को जल्द अदालत में पेश किया जाएगा।