शिमला/देहरादून, एजेंसी । हिमालयी राज्यों में मानसून का कहर जारी है। हिमाचल में बारिश से 10 कच्चे मकान ढह गए। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात हुई बारिश, बादल फटने व भूस्खलन से उत्तराखंड अभी तक नहीं उबरा है। देहरादून मार्ग जगह-जगह से टूट गया है, जिसके चलते मसूरी में 2,500 से अधिक सैलानी फंसे हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। कांगड़ा में 10 मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए, वहीं लगभग 50 घरों को नुकसान भी पहुंचा है। 64 गोशालाओं के साथ ही एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है। इस मानसून सीजन में प्रदेश में 1,500 से अधिक घर ध्वस्त हो चुके हैं। 417 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 45 लापता हैं। तलाशी अभियान चल रहा है। प्रदेश में 517 सड़कों सहित 441 बिजली ट्रांसफार्मर और 274 पेयजल योजनाएं अभी भी प्रभावित हैं।
देहरादून में अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने से आई बाढ़ के चलते देहरादून-मसूरी मार्ग कई जगह से टूट गया है। मार्ग को बहाल करने की कोशिशें चल रही हैं और तब तक सैलानियों से जहां हैं वहीं रहने को कहा गया है। हल्के वाहनों के लिए कोल्हूखेत में एक वैकल्पिक बेली ब्रिज बनाया जा रहा है जिसके जल्द चालू होने की संभावना है। सैलानियों की संख्या बहुत अधिक थी, लेकिन बुधवार को विकासनगर के रास्ते मार्ग खुलने से कुछ वापस चले गए।