
बठिंडा (पंजाब) – पंजाब के बठिंडा ज़िले के तलवंडी साबो सिविल अस्पताल में शुक्रवार सुबह एक निहंग द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर पर किए गए कृपाण हमले से अस्पताल में हड़कंप मच गया। हमले में ऑपरेटर गुरसेवक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी निहंग काला सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
घटना सुबह उस समय हुई जब कंप्यूटर ऑपरेटर गुरसेवक सिंह, ओपीडी में मरीजों की पर्चियां काट रहे थे। इसी दौरान एक निहंग काला सिंह अस्पताल में दाखिला पर्ची कटवाने आया। उसने नशा मुक्ति केंद्र के लिए एक और पर्ची की मांग की, लेकिन जब ऑपरेटर ने दोबारा शुल्क मांगा, तो निहंग भड़क गया। निहंग ने कृपाण से सिर पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन गुरसेवक सिंह ने बचाव में हाथ आगे कर दिया। हमले में उनका हाथ कट गया। घायल को तुरंत अस्पताल की आपातकालीन इकाई में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने हाथ पर कई टांके लगाए और उसे जोड़ने की कोशिश की।
पुलिस जांच शुरू, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राजेश कुमार सनेही पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना तलवंडी साबो पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए और काला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन कर रही है।
अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा की मांग
सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. रविकांत सिंगला ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जिला प्रशासन और राज्य सरकार से अस्पताल में स्थायी पुलिस सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में पहले से सुरक्षा मौजूद होती, तो इस प्रकार की घटना टाली जा सकती थी। सभी डॉक्टरों और स्टाफ ने एक स्वर में मांग की है कि राजकीय अस्पतालों में कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि इस प्रकार की हिंसक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।