
हल्द्वानी – दोस्त का जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे पैरा कमांडो दीपक जोशी (27) की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा बुधवार रात काठगोदाम के अमृतपुर क्षेत्र में हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया। दीपक जोशी उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद के दिनेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुशी पार्क जयनगर के निवासी थे। वे वर्ष 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में चेन्नई में पैरा कमांडो के पद पर तैनात थे। हाल ही में वे छुट्टी पर घर आए थे और एक जुलाई को अपने मित्र का जन्मदिन मनाने अल्मोड़ा गए थे।
बुधवार को दीपक अपने मित्र के साथ लौट रहे थे, दोनों अलग-अलग बाइकों पर सवार थे। जैसे ही वे काठगोदाम के अमृतपुर क्षेत्र में पहुंचे, एक अज्ञात वाहन ने दीपक की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए और उसी वाहन ने उन्हें रौंद दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दीपक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों ने बताया कि दीपक दो भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और परिवार की बड़ी उम्मीद थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार और इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने जानकारी दी कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस दुखद घटना ने एक होनहार सैनिक की जिंदगी को समय से पहले ही खत्म कर दिया। देश की सेवा में समर्पित दीपक की यह असामयिक मृत्यु पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।