
ऊधम सिंह नगर। पंतनगर क्षेत्र में आनंदपुर मोड़ के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। लालकुआं-बरेली रेलवे ट्रैक पार करते समय युवक लालकुआं से बरेली की ओर जा रही यात्री ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची किच्छा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे आनंदपुर मोड़ के पास एक युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान वह लालकुआं से बरेली की ओर जा रही यात्री गाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। निवासियों ने पुलिस और किच्छा रेलवे स्टेशन को घटना की सूचना दी।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया।
गड़रियाबाग निवासी अमित कुमार के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान गड़रियाबाग निवासी अमित कुमार (18) पुत्र स्वर्गीय रामलाल के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद गड़रियाबाग के पूर्व प्रधान रूप सिंह ने बताया कि अमित सिडकुल की किसी कंपनी में काम करता था। वह रोज सुबह रेलवे ट्रैक पार करके अपनी ड्यूटी पर जाता था।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। अमित की दो बहनें हैं, जिनका विवाह हो चुका है। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है।
परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभालता था युवक
बताया गया कि अमित के कंधों पर अपनी मां और छोटे भाई के भरण-पोषण की जिम्मेदारी थी। कम उम्र में ही वह नौकरी करके परिवार की आर्थिक मदद कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आनंदपुर मोड़ के पास हुए इस हादसे ने परिवार और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।





