
मैनपुरी। फर्रुखाबाद से शुक्रवार सुबह अगवा की गई आठ वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव शनिवार सुबह भोगांव थाना इलाके के एक गांव के खेत में मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉक्टरों के पैनल ने जांच के लिए विसरा, स्लाइड संरक्षित किया है। परिजन ने बच्ची की शिनाख्त कर ली है। फर्रुखाबाद के थाना कायमगंज के किसान की आठ साल की बेटी 3 जून को अपनी बुआ के घर मोहम्मदाबाद थाना इलाके के एक गांव में घूमने आई थी। शुक्रवार सुबह वह बुआ की नातिन के साथ टंकी के आगे स्थित आम के बाग में आम खाने गई थी, जिसके बाद वह नहीं लौटी।
परिजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मोहम्मदाबाद थाने में शुक्रवार रात अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। शनिवार सुबह लगभग 11:30 बजे भोगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम देवीपुर में नहर के नजदीक एक खेत में एक बच्ची का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, क्षेत्राधिकारी सत्यप्रकाश शर्मा, और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मोहम्मदाबाद थाने में दर्ज केस की जानकारी के आधार पर वहां की पुलिस को भोगांव पुलिस ने जानकारी दी।
परिजन का कहना है कि बच्ची की तलाश के दौरान नींवकरोरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर अहम सुराग मिला है। फुटेज से पता चला है कि बच्ची को लगभग 50 साल का एक अधेड़ व्यक्ति अपने साथ ले गया था। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति मंदिर के आसपास खाली बोतलें और कबाड़ उठाता है। सीसीटीवी में दिख रहा था कि बच्ची को ले जाने वाला साइकिल को पैदल लेकर आगे-आगे चल रहा था। बच्ची उसके पीछे-पीछे जा रही थी। पुलिस अब इस संदिग्ध की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अब सीसीटीवी में दिख रहे आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस के सामने कई सवाल हैं, जिनका जवाब आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही मिलेगा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी ने बच्ची के साथ घिनौनी वारदात कहां की, क्या उसने हत्या भी वहीं की और शव को बाद में भोगांव क्षेत्र में खेत में फेंका गया या फिर वारदात को यहीं अंजाम दिया गया। बच्ची के पिता ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटी और एक बेटा है। मृत बेटी तीसरे नंबर की थी। बच्ची की मां गृहिणी है। परिवार वाले पोस्टमार्टम हाउस पर फूट-फूटकर रोने लगे। बच्ची की मां बदहवास हो गई। गांव में बच्ची के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। फर्रुखाबाद पुलिस को पीएम रिपोर्ट सौंप दी है। बच्ची का शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है। फर्रुखाबाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। भोगांव पुलिस भी पूरा सहयोग कर रही है। – अरुण कुमार सिंह, एसपी सिटी