
कानपुर। कानपुर में सवारियों को मंजिल तक पहुंचाने वाली ई-रिक्शा पर सवारियों का कितना बोझ है। इसका एक नजारा गुरुवार को महाराजपुर कस्बे में देखने को मिला। यहां ओवरलोडेड ई-रिक्शा में 13 सवारियां बैठी हुईं थीं। कुछ तो गाड़ी के ऊपर सवार थीं। इसका वीडियो सोशल मीडियो पर वायरल हो रहा है।
हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के अनुसार, महाराजपुर कस्बे में कानून को ठेंगा दिखाते हुए ई-रिक्शा पर 13 सवारियों को बैठाया गया है। इसमें 10 नीचे तो वहीं तीन सवारियां ऊपर छत पर बैठी हुई हैं। इसके बावजूद ई-रिक्शा सड़क पर तेजी से फर्राटा भर रहा है।
वहीं, ऐसा ही दूसरा मामला सरसौल कस्बे में देखने को मिला है। यहां ई-रिक्शा को भार वाहन बनाकर हाईवे पर दौड़ाया जा रहा है, जो हादसे का कारण बनते हैं। दोनों मामलों को पुलिस ने संज्ञान लिया है और जांच में जुट गई है। पुलिस ने कहा है कि जांचकर दोनों चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।