
संगरूर (पंजाब)। पंजाब के संगरूर में घर में घुसकर परिवार पर हमला कर बुजुर्ग व्यक्ति की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना गांव घराचों की है, जहां पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने अन्य लोगों के साथ मिलकर परिवार पर हमला कर दिया। बुधवार रात हथियारों से लैस हमलावरों घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। मृतक की पहचान बुजुर्ग लाभ सिंह के तौर पर हुई है। आरोपियों ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर घायल हो गया। अस्पताल में बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा महिला सहित परिवार के चार अन्य लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल दाखिल करवाया गया। मामला नहरी पानी के विवाद का बताया जा रहा है।
पुलिस ने पिता-पुत्र सहित नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गांव घराचों निवासी सतगुर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका चाचा लाभ सिंह अपनी बेटी के विवाह के बाद उन्हीं के साथ घर में रहता था। बुधवार रात करीब साढ़ नौ बजे जब वह घर में मौजूद थे, तो कार में आए उनके पड़ोसी कुलदीप सिंह, उसका पिता दर्शन सिंह, सुखवीर सिंह, प्रदीप सिंह दोनों निवासी भुल्लरहेड़ी के साथ चार-पांच अज्ञात व्यक्तियों ने घर में दाखिल होकर उनके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। घर में घुसे सभी लोगों के पास कुल्हाड़ी, लोहे की पाइप तथा लाठियां थीं। इस दौरान कुलदीप सिंह ने उसके चाचा लाभ सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। इस दौरान हमलावरों ने उसके भाई गुरदीप सिंह, पिता कौर सिंह, माता बलजीत कौर पर भी हमला करके उन्हें घायल कर दिया।
चीख पुकार सुनकर गांव के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसे देख हमलावर मौके से भाग निकले। सभी घायलों को भवानीगढ़ के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, जहां से उन्हें संगरूर रेफर कर दिया। डॉक्टर ने उसके चाचा लाभ सिंह को मृत घोषित कर दिया। सतगुर सिंह ने बताया कि हमलावर उनके खेत के नजदीक दबाई जा रही नहरी पाइप लाइन के कारण रंजिश रखे हुए हैं। करीब पंद्रह दिन पहले भी दोनों परिवारों में झगड़ा हुआ था और इसी रंजिश में उनके घर में घुसकर हमला किया गया। उधर, भवानीगढ़ के एसएचओ मालविंदर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के पश्चात शव वारिसों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।