
नई दिल्ली। सेना के सूबेदार के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवती बनकर सूबेदार को शेयर में निवेश कराकर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया और 20 लाख रुपये से ज्यादा ठग लिए। दक्षिण-पश्चिमी जिले की साइबर थाना पुलिस ने मामले में आकाश गोहिल (26) व अनिकेत गायकवाड़ (25) को गिरफ्तार किया है। ये जालसाजों को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इन बैंक खातों को इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर से उधर करने में किया जाता था। इनके कब्जे से दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि जिले के साइबर थाने को 19 फरवरी को महेश चौगुले (49) की शिकायत मिली थी। वे सेना में सूबेदार हैं। उन्हें मिस अयाना जोसेफ नामक युवती ने फोन कर व्हाट्सएप के जरिये स्टॉक मार्केट में निवेश की पेशकश की थी। आरोपियों ने उन्हें 14 नवंबर 2024 को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर ट्रेडिंग एप इंस्टॉल कर निवेश करने के लिए राजी किया। पीड़ित ने 3 दिसंबर से 13 जनवरी 2025 के बीच आरोपी के निर्देशानुसार विभिन्न बैंक खातों में कुल 15,92,962 रुपये जमा कर दिए।
शुरू में 30,83,446.80 का लाभ दिखाया गया था। जब शिकायतकर्ता ने खाते से 8,00,000 रुपये निकालने की कोशिश की तो वह पैसे नहीं निकाल पाए। उनसे फिर 17,41,795.54 रुपये सेवा शुल्क और पूंजीगत लाभ कर भुगतान करने के लिए कहा गया। इसमें से 5,07,952 का भुगतान शिकायतकर्ता ने किया। बावजूद पीड़ित पैसा नहीं निकाल पाए। अंत में आदित्य बिड़ला कैपिटल के साथ सत्यापन पर पता चला कि उनके नाम पर कोई डीमैट खाता नहीं खोला गया था और ट्रेडिंग एप फर्जी पाया गया। इस प्रकार उन्हें 20 लाख से अधिक का चूना लगाया गया।
जांच में पता चला कि ठगी गई राशि में से 8 लाख वड़ोदरा (गुजरात) निवासी अनिकेत गायकवाड़ के नाम पर पंजीकृत बैंक ऑफ महाराष्ट्र में ट्रांसफर किए गए हैं। आगे यह राशि भावनगर (गुजरात) निवासी आकाश गोहिल, निवासी भावनगर के बैंक ऑफ बड़ौदा में ट्रांसफर कर दी गई थी। फिर चेक से इस निकाला गया। साइबर थानाध्यक्ष विकास कुमार, एसआई अमित कुमार व हवलदार संजय की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।