
देहरादून: चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड की जांच में जुटी दून पुलिस ने अब मामले में तेजी लाते हुए मुख्य आरोपी अंकित वर्मा के करीबी लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस टीम झारखंड के लोहरदगा पहुंची, जहां आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा करने के बाद उसकी गर्लफ्रेंड को ट्रेस कर उससे विस्तृत पूछताछ की गई। इस पूछताछ को जांच का अहम मोड़ माना जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती से हुई पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि वह अंकित के काफी करीब थी और उसके संपर्कों, गतिविधियों तथा मूवमेंट की जानकारी रखती थी। इसी कारण पुलिस को उम्मीद है कि उससे मिली जानकारी केस की गुत्थी सुलझाने में मददगार साबित होगी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद अंकित वर्मा लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और कुछ लोगों की मदद से फरार होने में सफल रहा। पुलिस को संदेह है कि आरोपी का एक संगठित नेटवर्क है, जो उसे छिपने और बचने में सहायता कर रहा है। अब पुलिस युवती से मिले इनपुट के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आरोपी के सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में डिजिटल साक्ष्य अहम भूमिका निभा सकते हैं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियां और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डेटा की भी गहनता से जांच की जा रही है, जिससे आरोपी की लोकेशन और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर मॉल क्षेत्र में विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी अंकित वर्मा समेत छह लोग अभी भी फरार हैं। पुलिस ने इन आरोपियों पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीमें विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।




