
मेरठ/बागपत। सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर शादाब जकाती एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं। इंचौली थाना क्षेत्र निवासी खुर्शीद उर्फ सोनू ने आरोप लगाया है कि शादाब उसकी पत्नी को शहर से बाहर ले जाते हैं और कई-कई दिनों तक उसके साथ रहते हैं। साथ ही, विरोध करने पर उसे जान से मारने और पैसों की धौंस देने की धमकी दी जाती है।
खुर्शीद, जो टायर रिपेयरिंग का काम करता है, गुरुवार को थाने पहुंचा और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। उसका कहना है कि वह हृदय रोग से पीड़ित है। आरोप है कि जब उसने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए पत्नी को बाहर जाने से मना किया, तो उसे अपशब्द कहे गए और धमकियां दी गईं। पीड़ित का दावा है कि कोर्ट में मामला ले जाने की बात पर भी उसे डराया-धमकाया जाता है।
🔸 पत्नी का पक्ष
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खुर्शीद की पत्नी ने भी सामने आकर अपना पक्ष रखा। महिला ने शादाब जकाती पर लगाए गए सभी आरोपों को झूठा और निराधार बताया। उसका कहना है कि वह शादाब के साथ काम के सिलसिले में जाती है, जिसके बदले उसे पैसे मिलते हैं और उन्हीं पैसों से वह अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है और पहले ही उसे तलाक दे चुका है। इस संबंध में महिला ने इंचौली थाने में तहरीर देने की बात कही है।
🚨 पुलिस का रुख
सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि खुर्शीद थाने आया था, लेकिन अभी तक उसकी ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वहीं पत्नी ने वीडियो के माध्यम से अपना पक्ष रखा है। पुलिस के अनुसार, लिखित शिकायत मिलने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
⚠️ पहले भी विवादों में
गौरतलब है कि “10 रुपये वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का है जी” डायलॉग से सोशल मीडिया पर चर्चित हुए शादाब जकाती पहले भी विवादों में रह चुके हैं। 27 नवंबर 2025 को उन पर एक बच्ची के सामने अश्लीलता फैलाने के आरोप में पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मौजूदा मामले पर शादाब जकाती ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।




