
उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के कैराना थाना क्षेत्र अंतर्गत मामौर गांव में सोमवार सुबह एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब मृतक किसान देवेंद्र खेत की ओर जा रहा था। हमले में दो अन्य व्यक्ति — इस्लाम और सौभान — भी घायल हो गए हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मामला पुराने ज़मीन विवाद और आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
देवेंद्र हरियाणा के पानीपत जिले के थाना सनौली क्षेत्र के गांव कुराड़ का निवासी था। वह मामौर गांव के जंगल में 50 बीघा ज़मीन का मालिक था और 90 बीघा ज़मीन ठेके पर लेकर खेती कर रहा था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने एक साथी के साथ खेत जा रहा था, तभी गांव के ही दूसरे समुदाय के दो सगे भाइयों से कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने पर आरोपियों ने पहले चाकू से हमला किया और फिर देवेंद्र को गोली मार दी। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम, अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी अमरदीप मौर्य और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देवेंद्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल इस्लाम और सौभान का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक और आरोपियों के बीच दो वर्ष पूर्व कार खरीद को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस को संदेह है कि पुरानी रंजिश के चलते ही यह जानलेवा हमला किया गया। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।