
देहरादून। पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर मंगलवार को सीबीआई कोर्ट में पेश नहीं हुए। दोनों की पेशी होनी थी, लेकिन उनके अदालत नहीं पहुंचने के कारण मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस प्रकरण में अदालत की ओर से अगली तारीख तय की जाएगी।
यह मामला पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की ओर से अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। दीपिका राठौर ने 24 अक्तूबर को हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और रविदास धाम का नाम कराने के लिए दबाव बनाया गया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
25 अक्तूबर को हुई थी उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी
शिकायत के बाद पुलिस ने 25 अक्तूबर को सहारनपुर स्थित घर से अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया था। उसी दिन उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
इसके बाद उर्मिला सनावर की ओर से अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई। हालांकि, एक दिन जांच आख्या उपलब्ध नहीं होने और दूसरे दिन अन्य कारणों से याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी थी।
सोमवार को अदालत ने मंजूर की जमानत याचिका
सोमवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने उर्मिला सनावर की जमानत याचिका मंजूर कर ली। अदालत ने 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि के दो जमानती प्रस्तुत करने की शर्त पर रिहाई के आदेश दिए।
जमानत से संबंधित दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को जेल से उनकी रिहाई की बात सामने आई थी। इसी दिन मामले में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर की कोर्ट में पेशी भी होनी थी, लेकिन दोनों के उपस्थित नहीं होने से सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
अब अदालत की ओर से इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख निर्धारित की जाएगी। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों पर न्यायिक प्रक्रिया जारी है। आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है।





