
ऋषिकेश (उत्तराखंड ) श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक की शुरुआत भगवान बदरीविशाल और भगवान केदारनाथ की स्तुति के साथ हुई। इसके बाद विशेष आमंत्रित सदस्यों का स्वागत किया गया । बैठक में आगामी यात्रा व्यवस्थाओं समेत विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा ऐतिहासिक रही है। अब यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत हो रही है, जिसके लिए बीकेटीसी बोर्ड ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष महोदय ने बताया कि अब तक हेमकुंड साहिब सहित चारधाम में 50 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। वहीं, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में 32 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। चारधाम यात्रा के लिए अब तक 60 लाख से अधिक पंजीकरण भी हो चुके हैं।
बीकेटीसी के अनुसार, अब तक 17,22,908 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम और 14,92,047 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। दोनों धामों से समिति को 76 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है। जो कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष करीब 20 प्रतिशत अधिक श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं, जबकि यात्रा के कपाट बंद होने मेंअभी करीब दो माह का समय शेष है।
बैठक का संचालन करते हुए बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने विभिन्न प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखे। दूसरे चरण की यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, सदस्य नीलम पुरी, राजपाल सिंह जड़धारी, महेंद्र शर्मा, दिनेश डोभाल, विनीत पोस्ती, प्रह्लाद पुष्पवान, देवी प्रसाद दैवली, राजेंद्र डिमरी, धीरज पंचभैया मोनू, राकेश भंडारी, कमला बगवाड़ी, जेपी सेमवाल, राजकुमार तिवारी और रजनीश भट्ट सहित मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी, एसएस बर्त्वाल, नोडल अधिकारी राकेश सेमवाल, डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, विश्वनाथ और दीपेंद्र रावत मौजूद थे।




