
*राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का जताया आभार,*
*कहा—नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाऊंगी*
देहरादून ( उत्तराखण्ड) आम आदमी पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उत्तराखण्ड की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया है।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और प्रदेश संगठन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उमा गौड़ सिसोदिया को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
*राष्ट्रीय कार्यकारणी में सदस्य* बनाए जाने पर उमा गौड़ सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मा. *अरविंद केजरीवाल जी* का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगी।
*उमा गौड़ सिसोदिया* ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा जनता की आवाज, पारदर्शी राजनीति, ईमानदार शासन और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। राष्ट्रीय परिषद की सदस्य के रूप में वह पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को मजबूत करने के साथ-साथ
उत्तराखण्ड के जनसरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे अनेक गंभीर मुद्दों से जूझ रही है।
ऐसे में आम आदमी पार्टी का दायित्व है कि वह जनता के बीच मजबूती से खड़ी होकर उनके अधिकारों और समस्याओं की आवाज बुलंद करे।
उन्होंने कहा कि मिशन 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। पार्टी का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता से सीधे संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर और अधिक मजबूती से संघर्ष करेगी।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि राष्ट्रीय परिषद में मिली नई जिम्मेदारी से उत्तराखण्ड की आवाज को पार्टी के राष्ट्रीय मंच पर और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के सामूहिक प्रयासों से ही पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
*उन्होंने कहा*, “राष्ट्रीय संयोजक मा. अरविंद केजरीवाल जी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। यह जिम्मेदारी मेरे लिए व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की जनता और आम आदमी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। मैं पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करती रहूंगी।”
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उमा गौड़ सिसोदिया को राष्ट्रीय परिषद की सदस्य बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से उत्तराखण्ड में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश के जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।




