
चमोली: उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र नीति घाटी में आयोजित होने जा रही नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित काउंटडाउन रन कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित की और प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अल्ट्रा रन के शुभंकर ‘क्यालु-हिम तेंदुआ’ का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और आत्मविश्वास जगाने का अभियान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा है और यह आयोजन उसी भावना को मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह दौड़ सिर्फ शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं है, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का भी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और संस्कृति का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सीमांत गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं’ के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई पहचान देंगे। सरकार एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है ताकि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
31 मई 2026 को नीति घाटी में आयोजित होने वाली इस अल्ट्रा रन के लिए देश के 27 राज्यों और दो देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। आयोजन को लेकर युवाओं और एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड के एडवेंचर स्पोर्ट्स इतिहास में नया अध्याय साबित होगा।




