
उत्तरकाशी: भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर शनिवार को सीमांत जनपद उत्तरकाशी पहुंचे। उनका यह दौरा आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान और सीमावर्ती क्षेत्रों में चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान वह भारत-चीन सीमा से सटे हर्षिल क्षेत्र में स्थापित पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और वहां उपलब्ध चुनावी सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त के उत्तरकाशी पहुंचने पर झाला हेलीपैड पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम और एडीएम मुक्ता मिश्र ने उनका स्वागत किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें पौधा भेंट कर अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त हेलीकॉप्टर से हर्षिल के लिए रवाना हुए।
चुनाव आयोग आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर में तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। इसी क्रम में सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की स्थिति, मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया और निर्वाचन कर्मियों की व्यवस्थाओं का विशेष रूप से आकलन किया जा रहा है। हर्षिल जैसे सीमावर्ती इलाकों में चुनाव कराना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता है, इसलिए आयोग इन क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की प्रत्यक्ष समीक्षा कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त सीमांत पोलिंग बूथों पर संचार, परिवहन, सुरक्षा और मतदाता सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लेंगे। इसके अलावा वे स्थानीय प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का गंगोत्री धाम जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। वहां वह व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत कर सकते हैं। चुनाव आयोग के इस दौरे को आगामी चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।




