
देहरादून। एसएससी ऑनलाइन परीक्षाओं में नकल कराने वाले संगठित गिरोह का नेटवर्क अब उत्तराखंड से निकलकर उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों तक फैलता नजर आ रहा है। उत्तराखंड एसटीएफ के बाद यूपी एसटीएफ ने भी नोएडा की एक ऑनलाइन लैब में छापा मारकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें देहरादून की प्राथमिकी में वांछित दो आरोपी भी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह पूरा रैकेट एक तय पैटर्न पर देशभर में ऑनलाइन परीक्षाओं में सेंध लगा रहा था।
सर्वर रूम से चल रहा था नकल का खेल
जांच में सामने आया है कि परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन लैब स्थापित करने वाले लोगों ने ही सर्वर रूम में छेड़छाड़ कर नकल का तंत्र विकसित किया। उत्तराखंड एसटीएफ को शुरुआत से इस पैटर्न की जानकारी थी। फरवरी में देहरादून के एमकेपी कॉलेज स्थित “महादेव डिजिटल लैब” में छापेमारी कर नकल गिरोह का खुलासा किया गया था। इसके बाद लैब को बंद करा दिया गया।
एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह से जुड़े लोगों ने देशभर में करीब 500 ऑनलाइन लैब स्थापित की थीं। इनमें से 100 से अधिक लैब में सर्वर रूम तक विशेष पहुंच देकर परीक्षाओं में धांधली कराई जा रही थी। गिरोह के सदस्य परीक्षा के दौरान सिस्टम में हस्तक्षेप कर अभ्यर्थियों को पास कराने का दावा करते थे।
नोएडा में भी मिला वही पैटर्न
उत्तराखंड एसटीएफ द्वारा साझा की गई जानकारी के बाद यूपी एसटीएफ ने नोएडा के एक परीक्षा केंद्र पर कार्रवाई की। यहां एसएससी की सीएपीएफ, एसएसएफ और असम राइफल्स भर्ती परीक्षा में उसी तरीके से नकल कराई जा रही थी जैसा देहरादून में सामने आया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक परीक्षार्थियों से चार-चार लाख रुपये तक वसूले जा रहे थे।
नोएडा कार्रवाई में अमित राणा और उसका एक साथी भी गिरफ्तार किए गए हैं, जो देहरादून मामले में फरार चल रहे थे। इससे साफ हो गया है कि यह रैकेट अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था।
एसएससी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर उठे सवाल
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) देशभर में केंद्र सरकार की विभिन्न नौकरियों के लिए ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित करता है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं ने परीक्षाओं की शुचिता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या आगामी परीक्षाओं की निगरानी व्यवस्था और सख्त की जाएगी या फिर संदिग्ध परीक्षाओं को दोबारा आयोजित करना पड़ेगा।
एसटीएफ का दावा— जल्द होंगे बड़े खुलासे
उत्तराखंड एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच लगातार जारी है। नोएडा में हुई कार्रवाई से देहरादून की जांच को भी मजबूती मिली है। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और इस नेटवर्क से जुड़ी “बड़ी मछलियां” भी जल्द कानून के शिकंजे में होंगी।




