
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में एक दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की घटना सामने आई है। मड़िहान थाना क्षेत्र के गुप्ता भवन में मंगलवार की भोर सौतेले भाई राहुल ने संपत्ति विवाद के चलते अपनी सौतेली मां ऊषा गुप्ता (55) और सौतेले भाई आयुष गुप्ता (30) की भुजाली (चापड़) से निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को ठिकाने लगाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का सहारा लिया।
हत्या के बाद राहुल ने आयुष का शव ट्रैक्टर के बंपर पर और ऊषा गुप्ता का शव ट्रॉली में लादकर लगभग 500 मीटर दूर पटेवर गांव स्थित मड़िहान ब्रांच नहर की ओर रवाना हुआ। जल्दबाजी में आयुष का शव रास्ते में करीब 150 मीटर पहले सड़क पर गिर गया। नहर पहुंचकर आरोपी ने ऊषा गुप्ता का शव पानी में फेंक दिया और फिर वापस लौटकर आयुष का शव उठाने लगा।
इसी दौरान मड़िहान तिराहे पर मौजूद राहगीरों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने शोर मचाया तो घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आयुष का शव कब्जे में लिया और कुछ ही देर बाद आरोपी राहुल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त भुजाली और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर ली गई।
अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के लगभग ढाई घंटे बाद साढ़े तीन किलोमीटर दूर हसरा गांव के पास नहर में ऊषा गुप्ता का शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ऊषा गुप्ता के दामाद राजकुमार गुप्ता की तहरीर पर राहुल के साथ-साथ राम प्रसाद और सुषमा नामक दंपती के खिलाफ भी हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की जड़ संपत्ति विवाद थी। आरोपी राहुल का नाम परिवार रजिस्टर से गायब था, जिसे लेकर वह सौतेली मां और भाई पर शक करता था। इसके अलावा जमीन बिक्री, ठेकेदारी के कागजात और पिता की संपत्ति से जुड़े बैंक दस्तावेजों को लेकर भी विवाद चल रहा था। छह माह पहले यह मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार राहुल पहले ठेकेदारी का बड़ा पैसा लेकर केरल भाग गया था, जिसका कर्ज उसके पिता ने चुकाया। पिता की 2023 में मौत के बाद राहुल घर लौटा और संपत्ति पर अधिकार को लेकर तनाव बढ़ता चला गया। पुलिस अब पारिवारिक दस्तावेजों, जमीन विवाद और अन्य आर्थिक पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।






