
देहरादून। उत्तराखंड के राजस्व विभाग को 36 नए नायब तहसीलदार मिल गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों को भी सरकारी सेवाओं में आने के लिए प्रेरित करेगी।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नायब तहसीलदारों की जिम्मेदारियों और उनके काम के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनके निर्णयों का सीधा प्रभाव आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों पर पड़ता है। इसलिए अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनी जानी चाहिए। लोगों को उनके काम से संबंधित दस्तावेजों और सरकारी प्रक्रियाओं की सही जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें एक ही काम के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से तहसील पहुंचने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों के लिए सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना कई बार कठिन होता है। ऐसे में अधिकारियों को उनकी परेशानियों को समझते हुए प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
मुख्यमंत्री ने आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही आकलन करना और प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने में सहयोग करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए उन्हें क्षेत्रीय परिस्थितियों की जानकारी रखते हुए तत्परता से काम करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार से दूर रहने और किसी भी प्रकार के राजनीतिक या अन्य दबाव तथा सिफारिश के बिना नियमों के अनुसार काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण के मंत्र को अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक होती है।
36 नए नायब तहसीलदारों की नियुक्ति से प्रदेश के राजस्व प्रशासन को नई कार्मिक शक्ति मिलेगी। अब इन अधिकारियों के सामने सरकारी व्यवस्था को आम लोगों के लिए सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की जिम्मेदारी होगी।





