
देहरादून। उत्तराखंड में लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। शिक्षा विभाग में तबादला अधिनियम की धारा-27 के तहत स्थानांतरण के लिए तीन हजार से अधिक आवेदन पहुंच चुके हैं। विभाग अब इन आवेदनों के साथ जमा किए गए दस्तावेजों का संकलन और सत्यापन कर रहा है। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पात्र आवेदनों को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय कमेटी के समक्ष रखा जाएगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कमेटी आवेदनों पर विचार करने के बाद तबादलों को लेकर आगे की प्रक्रिया और निर्णय तय करेगी। ऐसे में शिक्षकों की निगाहें अब कमेटी की बैठक और उसके फैसले पर टिकी हैं। धारा-27 के तहत आवेदन करने वाले शिक्षकों को उम्मीद है कि इस बार उनकी स्थानांतरण संबंधी समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
प्रवक्ता संवर्ग में तबादले के लिए कुल 309 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सामान्य संवर्ग के 284 और महिला संवर्ग के 25 आवेदन शामिल हैं। वहीं सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग में गढ़वाल मंडल से कुल 842 शिक्षकों ने आवेदन किया है। इनमें सामान्य संवर्ग के 766 और महिला संवर्ग की 76 शिक्षिकाएं शामिल हैं।
सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग में कुमाऊं मंडल से आवेदन करने वाले शिक्षकों की संख्या इससे अधिक बताई गई है। यहां कुल 1,116 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सामान्य संवर्ग के 1,007 और महिला संवर्ग की 109 शिक्षिकाओं ने स्थानांतरण की मांग की है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में भी एक हजार से अधिक शिक्षकों ने धारा-27 के तहत तबादले के लिए आवेदन किया है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
इस तरह प्रवक्ता, एलटी और बेसिक शिक्षा संवर्ग को मिलाकर तबादलों की मांग करने वाले शिक्षकों की संख्या तीन हजार के पार पहुंच गई है। आवेदनों की बड़ी संख्या से यह स्पष्ट है कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षक लंबे समय से स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली ने कहा कि कई शिक्षक गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे शिक्षकों को धारा-27 के तहत तबादले का लाभ मिलना चाहिए, ताकि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच राहत मिल सके।
वहीं जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विनोद थापा ने कहा कि शिक्षा विभाग में पिछले चार से पांच वर्षों से धारा-27 के तहत शिक्षकों से आवेदन मांगे जाते रहे हैं, लेकिन तबादले नहीं हो पाए। उन्होंने मांग की कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले शासन तबादला सूची जारी करे।
फिलहाल शिक्षा विभाग में दस्तावेजों की जांच का काम जारी है। इसके बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी के सामने मामले रखे जाएंगे। अब शिक्षकों को यह इंतजार है कि वर्षों से लंबित स्थानांतरण की मांग पर कब निर्णय होता है और कितने आवेदकों को इसका लाभ मिल पाता है।





