
देहरादून। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई हल्की बर्फबारी के बाद उत्तराखंड में ठंड का असर और तेज हो गया है। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने से आज भी शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून सहित हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत और पौड़ी जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
कोहरे और शीतलहर के कारण दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं सुबह के समय दृश्यता भी काफी कम रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री धाम में बर्फबारी नहीं होने के बावजूद कड़ाके की ठंड से छोटी-बड़ी नदियां और नाले जम गए हैं। यहां तापमान शून्य से माइनस 11–12 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है। भागीरथी नदी में पानी का बहाव बेहद कम हो गया है, जबकि केदार गंगा, ऋषिकुर नाला, पागल नाला और चीड़बासा नाला पूरी तरह जम चुके हैं। पानी की आपूर्ति के लिए पाले को आग से पिघलाकर व्यवस्था की जा रही है।
कठिन मौसम के बावजूद गंगोत्री धाम में करीब 25 साधु-संत साधनारत हैं। वहीं बर्फ न गिरने से क्षेत्र के सेब बागवान और काश्तकारों में निराशा भी देखी जा रही है।




