
विकासनगर (देहरादून)। पछवादून क्षेत्र में पहली बार भारत के अत्यंत सुंदर और दुर्लभ सांपों में शामिल ट्विन-स्पॉटेड वुल्फ स्नेक (Lycodon jara) का रेस्क्यू किया गया है। यह सांप ग्राम कैंचीवाला स्थित एक आवासीय भवन में देखा गया था, जिसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज अंतर्गत कैंचीवाला निवासी प्रमोद कुमार ने अपने घर में सांप दिखाई देने की जानकारी वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग के अनुभवी सर्पमित्र आदिल मिर्जा मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
सर्पमित्र के अनुसार, रेस्क्यू किया गया सांप लाइकोडोन जारा प्रजाति का है, जिसे आमतौर पर ट्विन-स्पॉटेड वुल्फ स्नेक कहा जाता है। यह प्रजाति पछवादून क्षेत्र में पहली बार रिकॉर्ड की गई है, जिससे वन विभाग के अभिलेखों में इसका विशेष महत्व बढ़ गया है।
🌿 गैर विषैला लेकिन बेहद सुंदर
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि यह सांप गैर विषैला होता है और मनुष्यों के लिए हानिकारक नहीं है। यह प्रजाति भारत के सबसे सुंदर सांपों की सूची में शामिल मानी जाती है। यह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित एशिया के कई हिस्सों में पाई जाती है।
🌳 प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा
वन क्षेत्राधिकारी पंकज ध्यानी ने बताया कि सांप को उसकी जैविक जरूरतों के अनुसार प्राकृतिक वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ा जाएगा, ताकि उसका संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
🦡 कबर बिज्जू का भी रेस्क्यू
इसी क्रम में वन विभाग की टीम ने डाकपत्थर क्षेत्र के एक आवासीय भवन से कबर बिज्जू नामक वन्य जीव का भी रेस्क्यू किया। सूचना मिलने पर सर्पमित्र आदिल मिर्जा ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।






