
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार देर शाम डालनवाला पुलिस थाने का अचानक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और कार्यप्रणाली की जमीनी हकीकत को परखा। बिना किसी पूर्व सूचना के थाने पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले थाने की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, जहां कारागार यानी लॉकअप में गंदगी और अव्यवस्था देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को तत्काल साफ-सफाई कराने और मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने के रजिस्टर, एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट और महिला हेल्प डेस्क का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने लंबित मामलों की स्थिति जानी और थाने में मौजूद आम नागरिकों व फरियादियों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। लोगों ने पुलिस से जुड़ी समस्याओं और व्यवहार को लेकर अपनी बात रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करने की नसीहत दी।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
इस दौरान थाने के एसएचओ मनोज मैनवाल मुख्यमंत्री के पहुंचने के काफी देर बाद तक भी थाने में मौजूद नहीं पाए गए। सीएम के आगमन की सूचना होने के बावजूद उनकी अनुपस्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद एसएसपी अजय सिंह ने एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था और सत्यापन अभियान में बरती जा रही ढिलाई पर भी कड़ी नाराजगी जताई और इन मामलों में विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा हर अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है और जनसेवा में किसी भी तरह की लापरवाही, अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर कोताही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





