
नैनीताल | नैनीताल आने वाले पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। अब जिले में होटल संचालक मनमाने ढंग से कमरों के दाम नहीं बढ़ा सकेंगे। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने संयुक्त रूप से निर्देश जारी करते हुए जिले के सभी होटलों और गेस्ट हाउसों को अपने परिसर के भीतर और अपनी वेबसाइट पर कमरों की रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया है। इस फैसले का उद्देश्य होटल व्यवसाय में पारदर्शिता लाना और पर्यटकों को शोषण से बचाना है।
प्रशासन के अनुसार, नैनीताल जिले में 50 प्रतिशत से अधिक होटलों और उनकी वेबसाइटों पर टैरिफ की पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है। इसी का फायदा उठाकर कई होटल संचालक मांग के अनुसार सुबह और शाम कमरों की दरें बदल देते थे। विशेषकर पर्यटन सीजन, सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान पर्यटकों से अधिक वसूली की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने होटलों की मनमानी पर लगाम कसने का फैसला किया है। अपर जिलाधिकारी विवेक राय और जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी होटलों में तथा उनकी आधिकारिक वेबसाइटों पर कमरों की निर्धारित दरें साफ-साफ अंकित की जाएंगी। यदि कोई होटल इस आदेश का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से न केवल पर्यटकों को सही जानकारी मिलेगी, बल्कि होटल उद्योग में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा मिलेगा। पर्यटक पहले से ही यह जान सकेंगे कि किस श्रेणी के कमरे का क्या शुल्क है, जिससे उन्हें ठगी या भ्रम की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
इधर, क्रिसमस और नव वर्ष के जश्न को लेकर नैनीताल पूरी तरह तैयारियों में जुट गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी देश के विभिन्न राज्यों से हजारों पर्यटक नैनीताल पहुंचने वाले हैं। इसे देखते हुए होटल एसोसिएशन की ओर से मॉल रोड पर मनोरंजन प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं, जहां पर्यटक फोटो और वीडियोग्राफी के साथ उत्सव का आनंद ले सकेंगे।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि मॉल रोड को बिजली की आकर्षक मालाओं से सजाया जाएगा। इसके अलावा म्यूजिक सिस्टम, फायर कैंप और अन्य मनोरंजन सुविधाएं भी तैयार की जा रही हैं, ताकि पर्यटक एक ही स्थान पर सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से जश्न मना सकें।
प्रशासन का मानना है कि रेट लिस्ट अनिवार्य करने का निर्णय पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों का भरोसा बढ़ाएगा और नैनीताल की छवि को एक जिम्मेदार व पारदर्शी पर्यटन स्थल के रूप में मजबूत करेगा।





