
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह को लेकर राजधानी देहरादून पूरी तरह तैयार है। रविवार, 9 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए दून पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा करीब ढाई घंटे का रहेगा, जिसके दौरान वह राज्य के विकास की झलक पेश करने वाले विशेष प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को सुबह 11 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वह सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा इंडियन मिलिट्री अकादमी (IMA) पहुंचेंगे। वहां से आगे फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (FRI) में आयोजित रजत जयंती समारोह स्थल पर जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियां एफआरआई में अंतिम चरण में हैं। परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है और यहां राज्य की उपलब्धियों को दर्शाने वाली ‘उत्तराखंड विकास गैलरी’ बनाई गई है। इसमें 25 वर्षों की विकास यात्रा, राज्य की सांस्कृतिक विविधता, पर्यटन, पर्वतीय अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की झलक दिखाई जाएगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के आगमन के बीच करीब एक लाख लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। लोगों के बैठने और आवागमन की व्यवस्था के लिए एफआरआई के चारों ओर व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन किया गया है। पुलिस, एसपीजी और खुफिया एजेंसियां सुरक्षा तैयारियों को लेकर सतर्क हैं।
प्रधानमंत्री मोदी एफआरआई में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्य की जनता को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे राज्य की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का अवलोकन भी करेंगे। अनुमान है कि उनका पूरा कार्यक्रम दोपहर 1:15 बजे तक चलेगा और वे करीब 1:30 बजे देहरादून से प्रस्थान करेंगे।
राज्य सरकार इस अवसर को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारी में जुटी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य ने बीते वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और रजत जयंती का यह समारोह उस विकास यात्रा को जनता के सामने प्रस्तुत करने का अवसर बनेगा।




