रांची: ( झारखंड ) की राजधानी रांची में बीते 30 घंटे से लगातार बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां दो दिन से लगातर हो रही बारिश के कारण आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। राजधानी रांची की कई प्रमुख सड़कें, निचले इलाके और मोहल्लों पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं. सड़कें तालाब बन गई है, जहां से गाड़ियों का निकलना मुश्किल हो गया है.
बीती शाम कांटाटोली फ्लाईओवर के नीचे कांटाटोली- बहू बाजार की सड़क जलमग्न हो गई। ऐसा लग रहा था मानो सड़क ने एक नदी का रूप अख्तियार कर लिया हो। इसी बीच वहॉं पर से गुजर रही एक स्कॉर्पियो कार सीधे पानी से भरे गड्ढे में फंस गई जिसे लोगों की मदद से तुरंत बाहर निकाल लिया गया। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
ज्ञात हो कि एक दिन पूर्व रविवार को हेसलपिरी गांव में आकाशीय बिजली गिरने के कारण दो लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान बाल गोविंद महतो और उदयनाथ महतो के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब दोनों व्यक्ति अपने जानवरों को लेकर घर लौट रहे थे।