
टोहाना | हरियाणा के फतेहाबाद जिले के डांगरा गांव में पारिवारिक टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग हरि सिंह की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी राजकुमार (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि घटना बुधवार शाम लोहाखेड़ा रोड स्थित नहर के पास की है, जहां हरि सिंह और राजकुमार ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान पारिवारिक टिप्पणी को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो मारपीट में बदल गई। गुस्से में राजकुमार ने ईंट से हरि सिंह के सिर पर कई वार किए। हरि सिंह को गंभीर अवस्था में नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के बेटे के बयान पर हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।