
देहरादून। बिग बॉस फेम और प्रसिद्ध यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवाद में आ गए हैं। उनके और कुछ साथियों के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने राज सिंह चौहान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने तहरीर में बताया कि छह अक्तूबर की शाम करीब छह बजे वह यलो हिल्स कैफे के पास, नैक्सा शोरूम के सामने अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने गया था। आरोप है कि करीब आठ बजे बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और अनुराग डोभाल तथा उनके साथियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
गला दबाने और हमला करने का आरोप
राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि अनुराग डोभाल ने उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। वहीं, अन्य आरोपियों पर लोहे के हथियार और डंडों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के मुताबिक, मारपीट के दौरान शिकायतकर्ता को चोटें भी आईं। इसके अलावा आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें वाहन से कुचलने का भी प्रयास किया। मामले में पुलिस ने शिकायत में लगाए गए इन आरोपों को आधार बनाकर प्राथमिकी दर्ज की है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
मोबाइल और सोने की चेन छीनने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ली गई। उनका आरोप है कि किसी तरह मौके से निकलने के बाद भी मामला खत्म नहीं हुआ। राज सिंह चौहान के मुताबिक, इसके बाद फोन कॉल और इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की।
अनुराग डोभाल समेत कई लोगों के नाम
तहरीर में अनुराग डोभाल के साथ अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को भी देखा जा रहा है। फिलहाल मामला शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।





